बीबी के साथ हुवा झगड़ा तो पति ने घर में लगा दी आग, पड़ोसियों के भी मकान जले |

दुर्ग. दंपत्ति के बीच हुए झगड़े में पड़ोस में रहने वाले लोगों का बड़ा नुकसान हो गया। झगड़े के दौरान पति अपने घर में आग लगा दी, जिसके चलते घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया और आग भड़ककर आसपास के घरों तक पहुंच गई। यह मामला पाटन थाना क्षेत्र का है।
पुलिस ने बताया देमार निवासी जगन्नाथ ठाकुर (48) नशे की हालत में आए दिन अपनी पत्नी कौशिल्या ठाकुर से विवाद करता था। शनिवार की सुबह भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ। झगड़ा इतना बढ़ गया कि जगन्नाथ ठाकुर ने अपने घर में आग लगा दिया । आग लगने से बाहर भागी उसकी पत्नी ने लोगों से मदद की गुहार लगाई। इसी बीच घर पर रखा गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया और आग तेजी से भड़ककर पास के चार घरों में फैल गई। चारों घरों में काफी नुकसान होने की खबर है। पुलिस को सूचना मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
बताया गया है कि जगन्नाथ के घर में गैस सिलेंडर फटने से फैली आग पहले उसके भतीजे मदन लाल ठाकुर के घर में फैली। मदन लाल का 45 हजार रुपए और घर का सारा सामान जल गया। वहीं परिवार के काशी ठाकुर, नागेश ठाकुर और सतरूपा साहू का भी मकान जल गया है। एक जानवर के भी जलने की खबर है।




