भारतीय क्रिकेटर अक्षर पटेल सपत्नीक पहुंचे बाबा महाकाल की भस्म आरती में |

मध्यप्रदेश के उज्जैनमें भारतीय क्रिकेटर अक्षर पटेल (Indian cricketer Axar Patel) सोमवार सुबह अपनी पत्नी मेहा पटेल (Meha Patel) के साथ भस्म आरती में शामिल होने महाकाल मंदिर (Mahakal Temple) पहुंचे। जहां उन्होंने भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। पिछले महीने ही अक्षर पटेल और मेहा विवाह बंधन में बंधे है।
शादी के बाद यह कपल पहली बार बाबा महाकाल (Baba Mahakal) के दर्शन करने उज्जैन (Ujjain) पहुंचा है। दोनों ने करीब 2 घंटे तक महाकाल मंदिर के नंदी हाल में बैठकर तड़के होने वाली भस्म आरती का दर्शन लाभ लिया। महाकाल मंदिर (Mahakal Mandir) में पंडित यश पुजारी ने गर्भ गृह में अक्षर पटेल और मेहा को पूजन अर्चन और अभिषेक करवाया।
भस्म आरती (Bhasma Aarti) में शामिल होने और भगवान का पूजा दर्शन करने के बाद क्रिकेटर अक्षर पटेल ने कहा कि बाबा महाकाल की भस्म आरती का आज मेरा 5 वर्षों का सपना पूरा हो गया। इसके पहले भी मै बाबा महाकाल की भस्म आरती के दर्शन करने आया था, लेकिन उस समय कुछ देर होने के कारण मुझे सुबह 7 बजे होने वाली आरती के दर्शन करना पड़ा था।
अक्षर पटेल ने बताया कि काफी सालों से भस्म आरती करने की इच्छा थी। आज सोमवार का अच्छा दिन है और अभी कुछ दिनों पहले ही मेरी शादी भी हुई है, इसलिए बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने आया हूं। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल की भस्म आरती देखकर सुकून मिला, जैसे चाहता था वैसे दर्शन हुए। मैं बाबा महाकाल को बहुत मानता हूं, उनकी भक्ति करता हूं, भगवान भोले सबके साथ है।




