Breaking News

15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजन के संबंध में निर्देश जारी, जानें निर्देश


छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजन के संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राज्य शासन ने 15 अगस्त, 2022 “स्वतंत्रता दिवस” समारोह को प्रदेश में गरिमापूर्वक मनाने का निर्णय लिया है। प्रदेश में सभी शासकीय भवनों एवं ऐतिहासिक स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस का समारोह स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड में प्रातः 9.00 बजे से निर्धारित कार्यक्रम समयानुसार आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा पुलिस परेड ग्राउण्ड, रायपुर में ध्वजारोहण एवं परेड के कार्यक्रम विधिवत आयोजित होंगे। परेड में बी.एस.एफ. सी.आर.पी.एफ. सी.आई.एस.एफ. एस.टी.एफ. आई.टी.बी.पी. एस. एस. बी. छ.ग. सशस्त्र बल (पुरूष) छ.ग. पुलिस बल (पुरूष). छ.ग. सशस्त्र बल (महिला), नगर सेना पुरुष, नगर सेना महिला, बैण्ड प्लाटून तथा एन.सी.सी. बॉयज एवं गर्ल्स की टुकड़ियों शामिल होंगी।

मुख्यमंत्री के द्वारा “जनता के नाम संदेश का वाचन किया जावेगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा दिए जाने वाले पुरस्कार एवं पदकों का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समारोह स्थल पर यथासमय रंगीन गुब्बारे उड़ाये जाएंगे। जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा विनिर्दिष्ट मंत्री/ महानुभाव द्वारा ध्वजारोहण किया जाकर परेड की सलामी ली जाएगी एवं मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा।

विनिर्दिष्ट मंत्री/ महानुभाव के नाम की जानकारी सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जिला कलेक्टरों को पृथक से भेजी जाएगी तथा मुख्यमंत्रीका संदेश जनसंपर्क विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। यह स्पष्ट किया जाता है कि केवल जिला मुख्यालयों में परेड आयोजित की जाएगी, जिला मुख्यालयों के अलावा अन्य किसी स्थान पर परेड आयोजित नहीं होगी। परेड में सेना (जहाँ उपलब्ध हो). पुलिस. एन.सी.सी. नगर सेना जेल प्रहरी की टुकड़ियां भाग लेंगी। यह ध्यान रखा जाएगा कि समारोह में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम गरिमामय एवं रूचिपूर्ण हों।





Related Articles

Back to top button