Breaking News

शराबी पति ने पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर कर दी हत्या |


कोरबा – शराबी पति ने अपनी पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. रात में घटना को अंजाम देने के बाद सो गया. इसके बाद अगली सुबह जब उसकी नींद खुली तो जहर खा लिया. जिसे पुलिस और युवक के परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया. लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की तस्दीक कर रही है. आशंका जताई गई है कि सम्भवतः घरेलू विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया है. मामला पाली थानाक्षेत्र का है.

जानकारी के मुताबिक, ग्राम जेमरा बगदरा निवासी पंचराम रात में नशे की हालत में घर लौटा अपनी पत्नी महेत्तरीन बाई (45 वर्ष) से विवाद करने लगा. दोनों के बीच कहासुनी इतनी ज्यादा बढ़ गई कि पंचराम आगबबूला हो गया और पत्नी पर लाठी से हमला कर दिया. हमले में बुरी तरह घायल महेत्तरीन बाई की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी पंचराम रातभर घर में ही सोया रहा. सुबह जब सोकर उठा तो जहर खा लिया. जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी।

पड़ोसियों ने पंचराम को तड़पता हुआ देखा तो उसके परिजनों को जानकारी दी. इसके बाद उसका बड़ा भाई संतराम उसके घर पर पहुंचा. जिसने पुलिस को घटना की सूचना दी. जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने पंचराम को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर गए. जहां कुछ देर बाद पंचराम की मौत हो गई।

थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि घरेलू विवाद में युवक ने अपनी पत्नी को मार दिया. प्रथम दृष्टया पता चला है कि शराब पीकर नशे की हालत में यह घटना घटी है. आरोपी गुरुवार को बहुत बीमार था जिसे परिवारवाले और पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया था. जहां आरोपी की मौत हो गई. घरवालों के मुताबिक आरोपी ने कुछ जहरीली चीज खा लिया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा परीक्षण के बाद यह स्पष्ट हो पाएगा. अभी मामले को विवेचना में लिया गया है।





Related Articles

Back to top button