Breaking News

मुख्यमंत्री आज 297 करोड़ रूपए की फसल बीमा दावा राशि के वितरण का करेंगे शुभारंभ – cgtop36.com


मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज दंतेवाड़ा में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत राज्य के 1 लाख 44 हजार 966 किसानों को 297 करोड़ 9 लाख रूपए की दावा राशि के वितरण का शुभारंभ करेंगे। फसल दावा बीमा राशि के इस वितरण कार्यक्रम में कृषि एवं जल संसाधन मंत्री श्री रविन्द्र चौबे सहित अन्य मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधि ऑनलाईन शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत राज्य के 17 जिलों के 1,44,966 किसानों को बीमा की यह राशि रबी सीजन 2021-22 में मौसम की खराबी के कारण फसलों को हुए नुकसान व उत्पादन में कमी की क्षतिपूर्ति के रूप में दी जाएगी।

गौरतलब है कि रबी सीजन 2021-22 में राज्य के 2,31,946 कृषकों की रबी फसलों चना, गेंहू, राई, सरसों, अलसी आदि का बीमा किया गया था। मौसम की खराबी के चलते फसलों को हुए नुकसान एवं कम उत्पादन के कारण किसानों को 297.09 करोड़ रूपए की दावा राशि का भुगतान किया जा रहा है, जो कि प्रीमियम राशि का लगभग दोगुना है।

राजनांदगांव जिले के सर्वाधिक 59,766 किसानों को 102.14 करोड़ रूपए, बेमेतरा जिले के 38,414 किसानों को 98.18 करोड़, बालोद जिले के 6478 किसानों को 14.63 करोड़, कबीरधाम जिले के 22,294 किसानों को 38.04 करोड़, दुर्ग जिले के 13,423 किसानों को 36.31 करोड़, धमतरी जिले के 3418 किसानों को 6.69 करोड़, मुंगेली जिले के 796 किसानों को 92.50 लाख, बलौदाबाजार जिले के 32 किसानों को 5.80 लाख सहित सरगुजा, कांकेर, बलरामपुर, बस्तर, बिलासपुर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, जशपुर एवं रायपुर जिले के किसानों को फसल बीमा दावा राशि का भुगतान किया जाएगा।



Related Articles

Back to top button