दिल्ली

बजरंग मुनि दास का वीडियो हुआ वायरल, खुलेआम दी महिलाओं को दुष्कर्म की धमकी, एनसीडब्ल्यू ने की गिरफ्तारी की मांग – cgtop36.com


नई दिल्ली। यूपी के सीतापुर के महंत बजरंग मुनि दास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ. जिसमें वो एक समुदाय की महिलाओं के खिलाफ विवादित बयान देते हुए दिख रहे हैं. वीडियो में सुना जा सकता है कि वो महिलाओं के बलात्कार की धमकी दे रहे हैं. अब इस मामले को लेकर महिला आयोग ने महंत की गिरफ्तारी की मांग की है.

साथ ही यूपी पुलिस से कहा है कि वो इसे लेकर मूक दर्शक नहीं बने. राष्ट्रीय महिला आयोग की तरफ से यूपी पुलिस को कहा गया है कि, इस तरह के मामलों में तुरंत आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाए. जब आरोपी ने महिलाओं को लेकर रेप की धमकी दी हो. महिला आयोग की अध्यक्ष ने इसे लेकर यूपी डीजीपी को चिट्ठी लिखी है. जिसमें जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई है. हालांकि अब तक आरोपी महंत के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं की गई है. यूपी पुलिस मामले की जांच करने की बात कर रही है.

सीतापुर के खैराबाद में बड़ी संगत के महंत बजरंग मुनि दास का जो वीडियो वायरल हुआ था, उसमें वो एक समुदाय के लोगों को लाउड स्पीकर से कुछ मैसेज देने की कोशिश कर रहे थे. मस्जिद के बाहर खड़ी गाड़ी से उन्होंने इसी दौरान महिलाओं के बलात्कार की बात कही. इस दौरान बाहर खड़े उनके समर्थक जोर-जोर से नारेबाजी करने लगे. इसके अलावा महंत को एक खास इलाके का नाम लेते हुए भी सुना जा सकता है, जहां के लोगों पर वो आरोप लगा रहे हैं कि उन्होंने उनकी हत्या के लिए पैसे इकट्ठा किए हैं.

वीडियो वायरल होने के बाद महंत ने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया. साथ ही उन्होंने खुद की जान का खतरा भी बताया. महंत और उनके समर्थकों का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. तमाम लोगों ने इसकी जमकर आलोचना की और महंत पर सख्त से सख्त कार्रवाई की बात कही गई. वहीं कुछ लोगों ने यूपी पुलिस पर भी आरोप लगाया कि वो आखिर क्यों आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है. फिलहाल इस मामले को लेकर जमकर बहस जारी है. बताया जा रहा है कि जल्द महंत बजरंग मुनि दास की गिरफ्तारी हो सकती है.



Related Articles

Back to top button