
देश में कोरोना का नया वैरिएंट ‘ओमिक्रॉन’ तेजी से पैर पसारता जा रहा है. ओमीक्रॉन की दहशत को देखते हुए राज्य सरकारें भी अलर्ट मोड में आ गई हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी आंकड़े के अनुसार देश में अब तक ओमिक्रॉन वैरिएंट से 781 लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीँ 238 ओमिक्रॉन मरीजों के साथ दिल्ली एक बार फिर से टॉप पर पहुंच गई है जबकि 167 संक्रमितों के साथ महाराष्ट्र दूसरे स्थान पर है।
वहीं 73 मामलों के साथ गुजरात तीसरे स्थान पर है। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 86 दिनों के लिए दैनिक सकारात्मकता दर 0.79 फीसदी है जबकि पिछले 45 दिनों के लिए साप्ताहिक सकारात्मकता दर 0.68 फीसदी है। वहीं भारत में सक्रिय मामले वर्तमान में 77,002 पर है।
बिहार में शुरू हो चुकी है कोरोना की तीसरी लहर: नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य में कोरोना की तीसरी लहर की शुरुआत हो चुकी है। बता दें कि राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 47 नए मामले सामने आए हैं। अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस में कोरोना विस्फोट
अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस समेत अन्य देशों में कोरोना के मामलों में लगातार तेजी देखी जा रही है। ऐसा लग रहा है कि हालात पिछली लहर जैसी होने वाली है। ब्रिटेन में बीते 24 घंटे में कोरोना के रिकॉर्ड 1,29,471 मामले सामने आए हैं वहीं अमेरिका में साप्ताहिक संक्रमण में 57.7 फीसदी की वृद्धि देखी जा रही है। अमेरिका में 76 फीसदी लोग ओमिक्रॉन से संक्रमित पाए जा रहे हैं। फ्रांस में दैनिक 1,00,000 से अधिक संक्रमण के मामले सामने आने के बाद कुछ प्रतिबंध लगाए गए हैं।




