“पापा मेरी मौत का बदला जरूर लेना” यह लिख कर नाबालिग ने की आत्महत्या, जानिए क्या है पूरा मामला

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से है। यहां एक 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या जैसा कदम किशोरी ने छेड़खानी से तंग आकर उठाया।
इतना ही नहीं, किशोरी के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में किशोरी ने छेड़खानी करने वाले आरोपी का नाम व पता भी लिखा था। इसके साथ ही किशोरी ने पिता को संबोधित करते हुए लिखा था कि पापा मेरी मौत का बदला जरूर लेना। वहीं, अब पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच-पड़ताल में जुट गई।
यह मामला जौनपुर जिले के सुरेरी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी रोज की तरह रात में खाना खाने के बाद कमरे में सोने चली गई। सुबह बुधवार को जब काफी देर बाद भी वह अपने कमरे से नहीं निकली तो परिवार के लोग जगाने पहुंचे। अंदर कमरे में दाखिल होते ही मां चिल्ला पड़ी। आवाज सुनकर और लोग भी पहुंच गए। देखा तो छात्रा कमरे में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर लटकी थी। परिजनों को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। सुसाइड में किशोरी ने गांव के ही एक अन्य समुदाय के युवक को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया।
दरअसल, सुसाइड नोट में लिखा था कि पिताजी आप उससे बदला जरूर लीजिएगा जो मेरी मौत का कारण है। उसने मेरे साथ बहुत गलत किया है और मेरे मौत का जिम्मेदार भी वही है। छात्रा के परिजनों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक विभाग ने टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटना स्थल से सभी साक्ष्यों को कब्जे में लेकर परिजनों से घटना की जानकारी ली।
मामला दो समुदाय का होने के कारण क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं एसपी उपाध्याय भी पहुंच गए। रामपुर, नेवढ़िया थाने की पुलिस व पीएससी बल भी मौके पर पहुंच गई। मृत किशोरी के पिता ने थाने में रुस्तम और वारिफ उर्फ गोरख के नाम तहरीर दी है। थानाध्यक्ष सुरेरी देवीवर शुक्ला ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर आरोपित रुस्तम व उसके दादा अलीरजा, चाचा वारिफ उर्फ गोरख के खिलाफ धारा 354, 306 व पास्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।




