
दुर्ग – डकैती की साजिश रच रहे 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाश सुपेला के एक ज्वैलरी शोरूम को निशाना बनाने वाले थे। आरोपियों के पास से पुलिस ने ऑटोमैटिक पिस्टल सहित अन्य हथियार भी बरामद किए हैं। गिरोह का मास्टरमाइंड जोश मोरिश को बताया जा रहा है। वह एक माह पहले ही जेल से छूटा था। थाने में उसकी बहन को भी हंगामा करने पर गिरफ्तार किया गया है।
बताया जा रहा है कि कुछ हथियारबंद लोग खुर्सीपार में केनाल रोड स्थित एक मकान में वारदात की साजिश रच रहे हैं। टीम ने छापा मारकर वहां से अमित कुमार सिंह, इंदर सिंह उर्फ टकली, सलमान अंसारी, अरबाज सिद्दीकी उर्फ दत्ता, सुमित सिंह, रुपेश सिंह और जोश मोरिश उर्फ अमित को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 2 ऑटोमैटिक पिस्टल, 4 मैगजीन, 14 जिंदा कारतूस, धारदार हथियार, रॉड और एक नकली गन बरामद हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस सभी आरोपियों को पकड़ कर थाने लाई तो वहां पर जोश मोरिश उर्फ अमित की बहन और पत्नी पहुंच गए। बताया जा रहा है कि दोनों ने आरोपियों को झूठे केस में फंसाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। काफी देर तक थाने में ड्रामा चलता रहा।
फिर पुलिस ने मोरिश की बहन को भी सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के कई पहले से आपराधिक रिकार्ड रहे हैं। पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया है कि बरामद हुए पिस्टल, मैगजीन और अन्य हथियार की व्यवस्था बिहार और उत्तर प्रदेश से की गई थी।




