Youth Cornerदिल्लीदेश विदेशबिजनेसलाइफस्टाइल

ट्विटर पर अब भारत मे भी कर सकेंगे शिकायत, नियुक्त हुवा अधिकारी, जानें कैसे करें शिकायत

नई दिल्ली। माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने भारत में शिकायत अधिकारी नियुक्त कर दिया है. ट्विटर की वेबसाइट पर डाली गई सूचना के अनुसार विनय प्रकाश कंपनी के निवासी शिकायत अधिकारी (आरजीओ) हैं. प्रयोगकर्ता पेज पर दी गई वेबसाइट के जरिये उनसे संपर्क कर सकते हैं. इसमें आगे कहा गया है कि ट्विटर से इस पते चौथी मंजिल, द एस्टेट, 121 डिकन्सन रोड, बेंगलूर-560042 पर संपर्क किया जा सकता है. प्रकाश का नाम कंपनी के वैश्विक विधि नीति निदेशक जेरमी केसल के साथ डाला गया है. केसल अमेरिका में स्थित हैं. कंपनी ने 26 मई, 2021 से 25 जून, 2021 के लिए अपनी अनुपालन रिपोर्ट भी प्रकाशित की है. 26 मई से लागू हुए नए आईटी नियमों के तहत यह एक और अनिवार्यता है.


इससे पहले ट्विटर ने आईटी नियमों के तहत धर्मेंद्र चतुर को भारत के लिए अपना अंतरिम निवासी शिकायत अधिकारी नियुक्त किया था. चतुर ने पिछले महीने इस्तीफा दे दिया था.


बता दें कि बीते लगभग दो महीने से ट्विटर और भारत सरकार के बीच टकराव की स्थिति जारी है. बार-बार नोटिस मिलने के बावजूद ट्विटर ने अभी तक भारत के नए आईटी नियमों को लागू नहीं किया था. ट्विटर को भारत के आईटी नियम 2021 के अनुच्छेद 4(डी) के तहत हर महीने भारतीय यूजर्स की शिकायतों के निपटारे से जुड़ी एक रिपोर्ट जारी करनी है. इसके साथ ही ट्विटर को उन यूआरएल की संख्या भी बतानी है, जिन्हें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की निगरानी के दौरान गलत या भ्रामक पाए जाने पर हटाया गया हो.

 हाईकोर्ट ने ट्विटर की ओर से नियुक्त किए गए सभी अंतरिम अधिकारियों से एफिडेविट मांगा था कि वे खुद को सौंपे गए टास्क की जिम्मेदारी लेते हैं. इससे पहले केस की सुनवाई के दौरान ट्विटर ने कहा कि उसे भारत में शिकायत अधिकारी नियुक्त करने के लिए 8 सप्ताह का वक्त चाहिए. इससे पहले हाई कोर्ट ने मंगलवार को ट्विटर को दो दिनों का ही वक्त दिया था.

दिल्ली हाईकोर्ट ने 8 जुलाई को एक मामले की सुनवाई के दौरान ट्विटर को यह कहा था कि अगर वह भारत के नए आईटी नियमों को लागू नहीं करता है तो उसे किसी भी तरह का कानूनी संरक्षण नहीं दिया जा सकता. इसके बाद ट्विटर ने शिकायत अधिकारी की नियुक्ति की है.

Related Articles

Back to top button