अधिकारी कर्मचारीयों से सीएम की अपील पर बोला संघ, बिना चर्चा वापसी असंभव, बताया सीएम का स्वागत योग्य कदम

छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने 22 अगस्त से जारी प्रदेश के 5 लाख से अधिक शासकीय कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन आंदोलन के दौरान मुख्य सचिव से चर्चा के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा कर्मचारियों से की गई अपील को स्वागत योग्य कदम बताया है। किंतु हड़ताली कर्मचारी मुख्यमंत्री से चर्चा किए बगैर और मांग पूरा हुए बिना आंदोलन वापस लेने के लिए राजी नहीं हैं।
संघ के संरक्षक विजय कुमार झा, प्रांतीय अध्यक्ष अजय तिवारी, न्यायिक कर्मचारी संघ अध्यक्ष युद्धेवर सिंह ठाकुर ने बताया है कि आंदोलन के दसवें दिन पूरे प्रदेश में महिला कर्मचारियों ने हरतालिका व्रत उपवास को तोड़ा साथ ही अवकाश होने के बाद भी पूरे प्रदेश में धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कर्मचारियों की उपस्थिति रही। महिला कर्मचारियों ने भी आंदोलन में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
आज दोपहर 2 बजे आंदोलन की समीक्षा एवं आगामी रणनीति तैयार करने हेतु छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की बैठक राजपत्रित अधिकारी संघ के कार्यालय में आयोजित की गई है।
धरना स्थल पर कल समाज कल्याण विभाग के संतोष चंद्राकर संतोष दिवाकर, कर्मचारियों ने शौर्यगाथा प्रस्तुत किया। इसी प्रकार नवापारा कन्या शाला की छात्राओं ने शिक्षिका सीमा साहू के मार्गदर्शन में मंच पर जिमनास्टिक प्रस्तुति की। जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया गया। अंत में बरसते पानी में देशभक्ति गीत से कार्यक्रम का समापन किया गया।
आज 1 सितंबर को नवाखाई के लिए एच्छिक अवकाश के बाद भी पूरे प्रदेश में कर्मचारी धरना स्थल पर यथावत उपस्थित होते रहेंगे। आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री के अपील का स्वागत करते हुए उनसे अनुरोध किया है, कि मुख्य सचिव से सामंजस्य स्थापित कर प्रत्यक्ष चर्चा के माध्यम से आंदोलन और कर्मचारियों की समस्याओं का निदान करने का कष्ट करेंगे।