#Social

Jabalpur: पुलिस से बचने के लिए तालाब में डूबा रहा चोर, कमल की डंडी के सहारे लेता रहा सांस; घंटों बाद ऐसे हुआ गिरफ्तार (Watch Video)


प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Pixabay)

जबरलपुर: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के जबलपुर (Jabalpur) में एक शातिर चोर (Cunning Thief) को पकड़ने के लिए पुलिस को घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी. ट्रेन में चोरी की कोशिश करने वाले 32 वर्षीय एक व्यक्ति ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पास के एक दलदली तालाब (Pond) में छलांग लगा दी. खुद को छिपाने के लिए उसने पानी के नीचे रहकर कमल की एक खोखली डंडी (Lotus Stalk) का इस्तेमाल सांस लेने के लिए किया.  हालांकि, उसकी यह चालाकी ज्यादा देर काम नहीं आई और पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसे ढूंढ निकाला. यह भी पढ़ें: VIDEO: मुंबई से सटे Ambernath Station पर चेन छीनकर भाग रहा था चोर, GRP और RPF ने फिल्मी तरीके से पकड़ा; CTV में कैद हुई घटना

ट्रेन में चोरी और फिल्मी फरारी

घटना उस समय हुई जब रीवा से इतवारी जा रही एक ट्रेन के एसी (AC) कोच में एक महिला का पर्स छीनने की कोशिश की गई. ट्रेन की रफ्तार कम होते ही आरोपी ने इमरजेंसी चेन खींची और बाहर कूद गया. वहां मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने उसे संदिग्ध हालत में भागते देखा और तुरंत पीछा शुरू कर दिया.

पुलिस से घिरता देख आरोपी पास के एक ऐसे तालाब में कूद गया जो काई और सिवार (Algae) से पूरी तरह ढका हुआ था. दलदली और घनी वनस्पतियों के कारण पुलिस के लिए उसे पानी के अंदर ढूंढना मुश्किल हो गया था.

जबलपुर में पुलिस से बचने के लिए चोर कमल की डंडी का इस्तेमाल कर पानी के नीचे छिप गया

कमल की डंडी बनी ‘ब्रीदिंग ट्यूब’

पकड़े जाने के डर से आरोपी घंटों तक पानी के भीतर ही रहा. उसने पानी के नीचे से सांस लेने के लिए कमल की डंडी को एक पाइप की तरह इस्तेमाल किया. काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला, तो पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को बुलाया. घंटों चली तलाशी के बाद, गोताखोरों ने उसे काई की परत के नीचे छिपा हुआ पाया और उसे सुरक्षित बाहर निकालकर हिरासत में लिया.

शातिर अपराधी और पुराना रिकॉर्ड

पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान बिजनौर निवासी हरविंदर सिंह के रूप में हुई है. जांच में पता चला कि वह एक आदतन अपराधी है और कई राज्यों में उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं. इससे पहले 2018 में विजयवाड़ा पुलिस ने उसे लगभग 70 लाख रुपये के हीरे और गहने चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था. पुलिस के अनुसार, उसका तरीका बिना टिकट ट्रेन में चढ़ना और यात्रियों के कीमती सामान को निशाना बनाना था.




Related Articles

Back to top button