#Social

Etawah Toll Plaza Video: इटावा में कार सवार युवकों की दबंगई, टोल बचाने के चक्कर में बैरियर तोड़े, CCTV में कैद होने पर मामले में 3 गिरफ्तार


प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Pixabay)

Etawah Toll Plaza Video:  उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. थाना चौबिया क्षेत्र के अंतर्गत बख्तियारपुर टोल प्लाजा पर पिछले महीने 31 मार्च 2026 की रात कार सवार कुछ युवकों ने जमकर उत्पाद मचाया. टोल टैक्स देने से बचने के लिए इन युवकों ने अपनी तेज रफ्तार कार से टोल के सभी बैरियरों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया. पूरी घटना टोल पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

एक-एक कर तोड़े सभी बैरियर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक एक कार में सवार होकर टोल प्लाजा पहुंचे थे. टोल कर्मियों द्वारा टैक्स मांगे जाने पर वे भड़क गए. बिना भुगतान किए निकलने की होड़ में आरोपियों ने बार-बार अलग-अलग लेन में गाड़ी घुसाई और तेज रफ्तार कार से सभी बैरियरों को टक्कर मार दी. इस दौरान टोल पर काम कर रहे कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.

देखें VIDEO

कर्मचारियों को दी जान से मारने की धमकी

सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के अनुसार, जब टोल कर्मचारियों ने इस तोड़फोड़ का विरोध किया, तो कार सवार युवकों ने उनके साथ अभद्रता की. आरोप है कि युवकों ने कर्मचारियों को दौड़ाया और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. इस घटना के बाद टोल प्लाजा पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सीसीटीवी फुटेज और गाड़ी के नंबर की गहनता से जांच की गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों मुख्य अभियुक्तों—संजय सिंह, गौरव यादव और दीप कुमार—को गिरफ्तार कर लिया है.

इटावा पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ तोड़फोड़, सरकारी कार्य में बाधा डालने और धमकी देने की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.

क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता

बख्तियारपुर टोल प्लाजा पर हुई इस घटना ने हाईवे पर टोल कर्मियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि टोल नाकों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.




Related Articles

Back to top button