देश विदेशमध्यप्रदेश

बुरे फंसे दिग्विजय सिंह, फर्जी वीडियो मामले में पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

सीएम शिवराज सिंह चौहान का एक छेड़छाड़ किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर कई दिनों से वायरल किया जा रहा था। वायरल वीडियो को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भी अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया था। वीडियो को 11 लोगों ने रिट्वीट भी किया था। मामले में सीएम शिवराज अब सख्त हैं। उन्होंने चेतावनी भी दी थी कि इसे शेयर करने वालों पर शख्त कार्रवाई की जाएगी।

आपको बता दें कि सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 12 जनवरी 2020 को विपक्ष में रहते हुए कमलनाथ सरकार की शराब नीति पर बोलते हुए एक 2 मिनट 19 सेकंड का वीडियो पोस्ट किया था। आरोप है कि उस वीडियो में छेड़छाड़ कर एक 9 सेकंड का वीडियो तैयार किया गया है, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। 9 सेकंड के कथित वीडियो में सीएम शिवराज सिंह चौहान को यह कहते हुए दिखाया गया है कि ‘दारू इतनी फैला दो कि पीयें और पड़े रहें’।

सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शेयर करने वाले लोगों को कार्रवाई की चेतावनी दी थी। सीएम ने कहा था कि जो भी लोग इस वीडियो को शेयर करेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भी वीडियो अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया था।

मामले में कल ही पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने वायरल वीडियो को अपने ट्विटर हैंडल दोपहर 1.50 बजे शेयर किया था। दिग्विजय सिंह के वीडियो को 11 लोगों ने रिट्वीट भी किया था। विवाद बढ़ने के बाद दिग्विजय सिंह ने वीडियो डिलीट कर दिया है। अब भोपाल क्राइम ब्रांच ने बीजेपी की शिकायत पर दिग्विजय सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसके साथ ही वीडियो को रिट्वीट करने वाले 11 अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

आपको बता दें कि गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस मामले में पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि झूठ, फरेब और चरित्र हनन की राजनीति करना कांग्रेस की आदत है। मुख्यमंत्री जी का शराब माफियाओं के खिलाफ दिया गया बयान जिस तरह से तोड़-मरोड़ कर वायरल किया गया है, वह उसी की एक कड़ी है। मैंने पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि जल्दी ही दोषियों पर विधिसम्मत कठोर कार्रवाई करें।

Related Articles

Back to top button