
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। चुनाव ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। बस में सवार दो जवानों की मौत हो गई।
हादसे में 15 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये जवान लोकसभा चुनाव ड्यूटी के लिए बस से सुपौल जा रहे थे।
इस मामले पर अधिक जानकारी देते हुए गोपालगंज एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि इन जवानों की ड्यूटी लोकसभा चुनाव में लगाई गई थी। वे दोपहर के भोजन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक ढाबे पर रुक रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने बस को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में दो जवानों की जान चली गई। 10-15 जवान घायल हुए हैं। सभी का इलाज किया जा रहा है।




