‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फेम गुरचरण सिंह हुए लापता, पिता ने दर्ज कराई गुमशुदगी, मोबाइल है स्विचऑफ

नई दिल्ली। टीवी धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में रोशन सिंह सोढी का किरदार निभाकर लोकप्रिय हुए अभिनेता गुरुचरण सिंह कथित तौर पर लापता हो गए हैं। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने यह जानकारी दी है। सूत्रों ने बताया कि 50 वर्षीय अभिनेता के पिता ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार, गुरुचरण सिंह मुंबई जाने के लिए 22 अप्रैल को सुबह साढ़े आठ बजे घर से हवाई अड्डे के लिए निकले थे लेकिन वह मुंबई नहीं पहुंचे और उनसे फोन के जरिए भी संपर्क नहीं हो पा रहा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उन्होंने अलग-अलग टीम गठित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ‘‘हम यह जानने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं कि वास्तव में क्या हुआ।’’
पुलिस के हाथ अब एक CCTV लगा है, जिसमें गुरचरण सिंह जाते हुए दिख रहे हैं। 24 अप्रैल तक एक्टर का फोन भी काम कर रहा था, लेकिन अब वो स्विचऑफ बताया जा रहा है। पुलिस ने जब फोन के ट्रांजैक्शन निकलवाए तो उन्हें काफी अटपटी चीजें मिलीं।
रिपोर्ट्स की मानें तो गुरचरण की मां पिछले काफी समय से बीमार चल रही हैं, वो अस्पताल में भी भर्ती थीं। पिता ने बताया कि अब वो ठीक हैं और घर पर हैं। आराम कर रही हैं। परिवार इस समय गुरचरण को लेकर चिंता में है। पर सभी लोग पॉजिटिव एटीट्यूड लेकर चल रहे हैं, सभी को कानून और भगवान में पूरा भरोसा है।