आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस और भाजपा पर सियासी खेल खेलने का लगाया आरोप

रायपुर। आम आदमी पार्टी ने धान खरीदी पर कांग्रेस और भाजपा पर सियासी खेल खेलने का आरोप लगाया है। विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही अब बीजेपी-कांग्रेस को किसान और धान की याद आ रही है। चुनावी साल होने के नाते दोनों राजनीतिक दल किसानों को लुभाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाह रहे हैं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी ने कहा कि चाहे बीजेपी हो या फिर छत्तीसगढ़िया की बात करने वाली कांग्रेस, दोनों की पार्टियों की सरकारों ने छत्तीसगढ़ के किसानों का हक मारा है। अधिकारों को छीना है, शोषण किया है, उन्हें लूटा है।
read also- CG NEWS: 2 लाख लोगों में से किसी एक को होती है यह बीमारी, मरीज के खुद के खून से बची जान…
यही वजह है कि आज भी छत्तीसगढ़ के किसान परेशान और त्रस्त हैं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी मंगलवार को पार्टी कार्यालय में मीडिया से रू-ब-रू हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों के साथ दोनों पार्टियों ने बारी-बारी से धोखा किया। धान खरीदी को राजनैतिक मुद्दा बना दिया गया है. कांग्रेस ने 2018 में छल-कपट और झूठ बोलकर सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार के गायब राशन की वसूली के लिए सख्ती के सारे दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
23 लाख रुपए वसूलने के बाद भी 12 हजार क्विंटल चावल की वसूली नहीं हो पाई। मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कोमल हुपेंडी ने कहा कि रायपुर जिले के 142 राशन दुकानों से गायब हुए 18000 क्विंटल चावल में से सिर्फ 64 क्विंटल चावल ही वसूल सके हैं। इतना ही नहीं 269 क्विंटल शक्कर में से सिर्फ 105 क्विंटल की वसूली हुई है। वहीं 303 क्विंटल नमक में से सिर्फ 94 क्विंटल की वसूली हुई है।




