inh24छत्तीसगढ़

राजनांदगांव – धानखरीदी में अव्यवस्था के मुद्दे को लेकर भाजपा ने किया धरना प्रदर्शन, कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी

राजनांदगांव – धानखरीदी में अव्यवस्था के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के द्वारा जिला स्तरीय एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी भी दी थी।

प्रदेश में धान खरीदी में व्याप्त समस्याओं और किसानों के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के द्वारा आज राजनांदगांव शहर में जिला स्तरीय धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार को जमकर घेरा। अपने धरना प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी ने पूरे प्रदेश में धान खरीदी की अव्यवस्था और प्रदेश में किसानों की आत्महत्या सहित किसानों के विभिन्न मुद्दों को रखा। इस एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में राजनांदगांव के सांसद संतोष पांडे भी शामिल हुए।

वहीं भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने कहा कि किसानों को टोकन के नाम पर घुमाया जा रहा है। इसके अलावा जिन किसानों का गिरदावरी में रकबा काटा गया है उस रब्बे को जोड़ा नहीं जा रहा है। जिला भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वन अधिकार पट्टा धारी किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है। किसानों को यह सरकार जानबूझकर हताश कर रही है, ताकि किसानों से कम धान खरीदी हो।

शहर के इमाम चौक के समीप फ्लाईओवर के नीचे सैकड़ों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन पश्चात भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव करने निकले। पुलिस ने रास्ते में ही बैरिकेड लगाकर भाजपा कार्यकर्ताओं को रोका, इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी भी दी।

Related Articles

Back to top button