
ब्यूरो रिपोर्ट – राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में शहर की सड़को की हालत विगत कई वर्षों से बत्तर हो चुकी है। शहर की जनता को यह समझ नहीं आ रहा है कि सड़को पर गड्ढे है या फिर गड्ढों में सड़क। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद शहर के नव निर्मित नगर पालिका भवन के लोकार्पण समारोह में पहुंचे नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया ने सड़क निर्माण के लिए लगभग 1 करोड़ 83 लाख रुपए की स्वीकृति भी दी थी।
कई साल बीतने के बाद आज भी सड़को की हालत वैसी ही बनी हुई है। शहर की खस्ताहाल सड़कों के जल्द निर्माण शुरू करने की मांग को लेकर डोंगरगढ़ बुधवारी पारा में भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष अनिल पाण्डेय ने आमरण अनशन शुरू कर दिया। वहीं उनके द्वारा शुरू किए गए आमरण अनशन को लगातार जन समर्थन भी प्राप्त हो रहा है। वहीं डोंगरगढ़ नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष तरुण हत्थेल ने भी अनशन स्थल पहुच कर अनिल पाण्डेय को अपना समर्थन दिया है।

मां बमलेश्वरी की नगरी डोंगरगढ़ में छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रदेशों से भी बड़ी संख्या में दर्शनार्थी पहुंचते हैं, वहीं खस्ताहाल सड़कों की वजह से स्थानीय लोगों के साथ ही दर्शनार्थियों को भी दिक्कत होती है। खस्ताहाल सड़कों वजह से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। ऐसे में सड़कों को दुरुस्त नहीं करना यहां के लोगों के समझ से परे है। यही वजह है कि अब इन सड़कों के पुनर्निर्माण निर्माण के लिए आमरण अनशन का दौर भी जारी हो गया है।