
केरल और लक्ष्यदीप बारिश के बाद मानसून शुक्रवार को कर्नाटक पहुंच गया है। दक्षिणी और उत्तरी कर्नाटक के साथ, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश हो रही है। केरल और लक्षदीप में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर बादल बरस रहे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने केरल में 12 घंटों के अंदर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मानसून के अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इसका कारण एक साथ कई चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अलग-अलग जगहों पर बना है।
मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 24 घंटे में दक्षिण अरब सागर और मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, केरल के शेष हिस्सों, लक्षद्वीप, तमिलनाडु के कुछ भागों, पुडुचेरी, तटीय एवं कर्नाटक के अंदरूनी दक्षिणी हिस्सों, रायलसीमा और दक्षिण एवं मध्य बंगाल की खाड़ी की तरफ बढ़ेगा।
स्काईमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान, लक्षद्वीप, केरल, कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों, रायलसीमा, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मराठवाड़ा, विदर्भ, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और गुजरात क्षेत्र के कुछ हिस्सों हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी हिमालय में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब और दक्षिणपूर्व राजस्थान के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।