PM oath ceremony: नो-फ्लाई जोन में बदली दिल्ली, फ़िलहाल नहीं दिखेंगे UAV, एयरक्राफ्ट, हैंग-ग्लाइडर

PM Modi oath ceremony: नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद के तीसरे कार्यकाल के लिए 9 जून यानी रविवार को शपथ लेने जा रहे हैं। इससे पहले पूरी दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्रशासन ने राष्ट्रीय राजधानी को नो फ्लाई जोन (Delhi no-fly zone) घोषित कर दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के लिए दक्षेस (दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन) के सदस्य देशों की गणमान्य हस्तियों को आमंत्रित किए जाने के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी ‘हाई अलर्ट’ पर रहेगी. पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि निषेधाज्ञा नौ और 10 जून को दो दिन तक लागू रहेगी.
अरोड़ा ने आदेश में कहा, ‘‘ऐसा बताया गया है कि भारत के प्रति शत्रुता रखने वाले कुछ आपराधिक, असामाजिक तत्व या आतंकवादी आम जनता, गणमान्य व्यक्तियों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं.”
उन्होंने कहा कि सीआरपीसी की धारा 144 द्वारा उन्हें प्राप्त शक्ति का प्रयोग करते हुए शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर दिल्ली के हवाई क्षेत्र में उड़ान निषेध रहेगा और इसका उल्लंघन करना भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के अंतर्गत दंडनीय होगा.
उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने वाले गणमान्य व्यक्तियों के उनके होटल से समारोह स्थल जाने और वापस आने के लिए निर्दिष्ट मार्गों की व्यवस्था की जाएगी. शपथ ग्रहण समारोह में बांग्लादेश, श्रीलंका, मालदीव, भूटान, नेपाल, मॉरीशस और सेशेल्स के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है. शहर के लीला, ताज, आईटीसी मौर्या, क्लेरिजेस और ओबेरॉय जैसे होटल को पहले ही सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है.
समारोह के दिन दिल्ली पुलिस के स्वाट और एनएसजी के कमांडो राष्ट्रपति भवन एवं विभिन्न अहम स्थानों के आसपास तैनात रहेंगे. अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने समारोह के मद्देनजर सुरक्षा योजना बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय और नयी दिल्ली जिले में कई बैठकें कीं.
इसके साथ ही सभी प्रवेश द्वार पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इसके साथ सिक्योरिटी को किसी तरह से भेदा ना जा सके, इसके लिए पैरा-ग्लाइडर, पैरा-मोटर्स, हैंग-ग्लाइडर, यूएवीएस, यूएएसएस, माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट जैसे उप-पारंपरिक हवाई उपकरणों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। पीएम शपथ ग्रहण के दौरान पूरी दिल्ली में निषेधाज्ञा लागू की गई है।



