Breaking News

विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी के निधन पर एक दिन का राजकीय शोक, राजनितिक हस्तियों ने जताया दुःख


राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा उपाध्यक्ष और भानुप्रतापपुर विधायक स्व मनोज मंडावी के निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। राजधानी रायपुर एवं कांकेर में आज राजकीय शोक रहेगा तथा उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

राजकीय शोक की अवधि में राजधानी रायपुर और कांकेर स्थित समस्त शासकीय भवनों और जहां पर नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाते हैं, वहां पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे तथा शासकीय स्तर पर कोई मनोरंजन/सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

विधान सभा अध्यक्ष डॉ.चरण दास महंत ने भानु प्रतापपुर के विधायक तथा विधान सभा उपाध्यक्ष श्री मनोज सिंह मंडावी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।अपने शोक संदेश में डॉ. महंत ने कहा कि- मंडावी वरिष्ठ आदिवासी नेता थे। उन्होंने नवगठित छत्तीसगढ़ के गृह राज्यमंत्री और विधानसभा के उपाध्यक्ष सहित अनेक महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया और प्रदेश की सेवा की। वे वर्ष 1998 में अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा के तथा वर्ष 2013 और 2018 में छत्तीसगढ़ विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। मंडावी छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद के अध्यक्ष भी रहे।

मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम ने विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी के निधन पर दुःख जताया। छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष एवं कद्दावर आदिवासी नेता मनोज मंडावी के निधन का बेहद दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर उनकी दिवंगत आत्मा को शान्ति एवं शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करें। मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और समर्थकों के साथ हैं।





Related Articles

Back to top button