Breaking News

भानुप्रतापपुर में सियासी तपिश तेज, गिरफ्तारी को लेकर दिनभर गहमागहमी, भाजपा कांग्रेस आमने सामने


सोमवार को राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर तक दिनभर सियासी हलचल तेज रही। झारखंड पुलिस के कांकेर पहुंचने और भानुप्रतापपुर से बीजेपी प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम की गिरफ्तारी के चलते जुबानी हमलों का दौर दिनभर प्रदेश में चलता रहा।

छत्तीसगढ़ में गिरते पारे के बीच राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही है। भानुप्रतापपुर उपचुनाव में हाईवोल्टेज राजनीतिक उठापटक से सियासी फिजा गर्मा गई है। नाबालिग के साथ रेप के आरोपों से घिरे भाजपा प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम के मामले में झारखंड पुलिस कांकेर पहुंची तो राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। बस्तर से राजधानी रायपुर तक दिनभर जुबानी जंग चलती रही।

भाजपा के आरोपों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि BJP वाले बोले थे आएं ब्रह्मनंद को गिरफ्तार करें। अब पुलिस आई तो BJP हाय तौबा क्यों मचा रही है। झारखंड पुलिस अपना काम कर रही है लेकिन भाजपा एक बलात्कारी को बचाने में जुटी है।

आपको बता दें कि ब्रह्मानंद नेताम पर झारखंड के जमशेदपुर जिले में नाबालिग के साथ बलात्कार और देह व्यापार में धकेले जाने के आरोप लगे हैं। कांग्रेस इस संगीन आरोप पर नेताम का नामांकन रद्द करने की मांग कर रही है तो भाजपा इसे सियासी साजिश करार दे रही है। उपचुनाव में अब एक सप्ताह से भी कम का समय बचा है, ऐसे में गिरफ्तारी की लटकती तलवार पर सियासत आर-पार हो रही है।





Related Articles

Back to top button