
कुश अग्रवाल बलौदाबाजार। जिले में कोरोना की रोकथाम और इससे जुडी तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण भारत सरकार के संयुक्त सचिव के निर्देश पर एक दो सदस्यीय सेंट्रल मल्टी- डिसिप्लिनरी टीम ने बलौदाबाज़ार जिले का दौरा कियाI टीम में पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट के रूप में रायपुर एम्स के पल्मोनालाजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ दिबाकर साहू एवं असिस्टेंट प्रोफेसर कम्युनिटी मेडिसिन डॉ गौरी कुमारी पाढ़ी सम्मिलित थे।
इस दौरान टीम ने बलौदाबाज़ार के डेडिकेटेड कोविड अस्पताल,जिला चिकित्सालय एवं मंडी में नवनिर्मित कोविड अस्पताल के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी के फीवर क्लिनिक का भी निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने दूसरी कोरोना लहर के जिले के अनुभव की समीक्षा करते हुए कोरोना की तीसरी लहर की आशंका की तैयारियों का जायजा लिया I टीम ने भ्रमण के दौरान जिला डेडिकेटेड कोविड अस्पताल के आई सी यू को गुणवत्ता युक्त माना जबकि नियो नेटल और पीडियाट्रिक्स के लिए वेंटीसर्किट की जरुरत बताई I टीम ने कोविड अस्पताल को पीडियाट्रिशियन से राय लेकर अपग्रेड करने की सलाह दी Iजिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ खेमराज सोनवानी ने टीम को सैंपल जांच ,कांटेक्ट ट्रेसिंग .सर्वेलेंस, कन्टेनमेंट ऑपरेशन, टीकाकरण बेड की उपलब्धता सम्बंधित विस्तृत जानकारी दी गयी।
कलेक्टर से की मुलाकात
इसके अतिरिक्त टीम ने जिला कलेक्टर श्री सुनील कुमार जैन से भी मुलाक़ात की जिसमें मुख्य रूप से कोविड में हुई मृत्यु ,टीकाकरण की प्रगति और संभावित तीसरी लहर की तैयारियों पर चर्चा हुई।इस दौरान टीम के साथ जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती सृष्टी मिश्रा,आईडीएसपी नोडल अधिकारी डॉ नवदीप बांधे एवं जिला एपिडेमियोलाजिस्ट श्वेता शर्मा भी उपस्थित रहे।



