NMDC की शानदार पहल, सैनेटरी पैड बनाने देगी मशीनें, महिलाओं को स्वास्थ्य के साथ मिलेगा रोजगार, मशहूर क्रिकेटर ब्रावो जुड़े अभियान से
महिला स्वास्थ्य और स्वच्छता कार्यक्रमों के बारे में खासतौर से मासिक धर्म स्वास्थ्य प्रबंधन के प्रति जागरूकता लाने के लिए एनएमडीसी छतीसगढ तथा कर्नाटक में संबंधित राज्य सरकारों के साथ मिलकर महिला स्वयं सहायता समूहों को 20 सैनिटरी पैड बनाने वाली मशीने प्रदान कर रहा है।
इस कड़ी में बस्तर के जनजातीय क्षेत्रों में निवासरत महिलाओं और युवा लड़कियों में मासिक धर्म को लेकर जागरूकता लाने के लिए ‘मेन टेक लीड’ नाम की डॉक्यूमेंट्री बनाई जा रही है। इस महत्वपूर्ण कार्य में वेस्ट इंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान श्री डेवेन ब्रावो शामिल होंगे।
एनएमडीसी इस अभियान में कम लागत वाले सैनिटरी पैड बनाने वाली मशीन का अविष्कार करने वाले “पैडमैन” के नाम से मशहूर पद्मश्री अरुणाचलम मुरुगनांथम को भी जोड़ रहा है। यह पहल सेनेटरी नैपकिन के निर्माण के माध्यम से आजीविका कमाने के लिए छत्तीसगढ़ में महिलाओं के लिए भी उपयोगी होगी।
इस महान उद्देश्य के लिए एनएमडीसी के साथ जुड़ने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री ब्रावो ने कहा कि “ग्रामीण परिवेश में रहने वाली महिलाओं में जागरूकता की जरूरत है, जिससे वे सार्वजनिक तौर पर अपनी असुविधाओं का जिक्र कर सकें. सेनिटरी नैपकिन का इस्तेमाल महिलाओं को बहुत सी बीमारियों से बचाएगा. अतः एनएमडीसी जैसे प्रतिष्ठित संगठन का सहयोग हमारे उद्देश्य को प्राप्त करने में प्रभावशाली रहेगा।“
ब्रावो अपने देश वेस्ट इंडीज में अनेक वर्षों से इस उद्देश्य से जुड़े हुए हैं, और भारत में भी इस अभियान से जुड़ने पर गौरान्वित महसूस कर रहे हैं।

एन.बैजेंद्र कुमार, सीएमडी, एनएमडीसी ने कहा कि “एनएमडीसी ऐसे सीएसआर कार्यों में हमेशा सबसे आगे रहता है, और महिला समुदायों से संबंधित इस विषय पर ड्वेन ब्रावो की मदद से एनएमडीसी की परियोजनाओं के आस-पास के क्षेत्रों और छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र के आदिवासी इलाकों में ग्रामीण समुदायों में महिलाओं और युवा लड़कियों में जागरूकता पैदा होगी तथा उन्हें स्वास्थ्य-विरोधी प्रथाओं से मुकाबला करने में मदद मिलेगी।



