छत्तीसगढ़

खेलो इंडिया खेलो के लिए कोरिया के रूप सिंह का चयन, गुवाहाटी में छत्तीसगढ़ की ओर से खेलेंगे कबड्डी

खेलो इंडिया खेलो प्रतियोगिता के लिए जिला कोरिया, विकासखंड मनेन्द्रगढ़ अंतर्गत ग्राम उधनापुर के रूप सिंह का चयन कबड्डी के लिए हुआ है। खिलाड़ी रूप सिंह असम के राज्य गुवाहाटी में छत्तीसगढ़ राज्य की ओर से कबड्डी खेलेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और खेल मंत्री श्री उमेश पटेल ने रूप सिंह का चयन राष्ट्रीय स्तर के खेल प्रतियोगिता में होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।   

कोरिया जिले के कलेक्टर डोमन सिंह ने खिलाड़ी रूप सिंह को बधाई देते हुए बताया कि रूप सिंह विकासखंड मनेन्द्रगढ़ स्थित आदिवासी बालक क्रीड़ा परिसर का छात्र है। रूप सिंह ने खेलो इंडिया खेलो प्रतियोगिता वर्ष 2019-20 में चयनित होकर कोरिया जिले सहित पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है। रूप सिंह जिले के एकमात्र कबड्डी खिलाड़ी हैं जिनका चयन खेलो इंडिया खेलो प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

उल्लेखनीय है कि खेलो इंडिया खेलो प्रतियोगिता असम राज्य के गुवाहाटी में 09 जनवरी 2020 से आयोजित है। कलेक्टर ने बताया कि रूप सिंह का वर्ष 2018-19 में मध्यप्रदेश राज्य के देवास में आयोजित राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ था। इस प्रतियोगिता में रूप सिंह कांस्य पदक प्राप्त किया था।

इसके अलावा वर्ष 2019-20 में कर्नाटक राज्य के मांड्या में आयोजित शालेय राष्ट्रीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में भी शामिल हुए थे। व्यायाम शिक्षक उत्तरा कुमार चेलकर के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण से रूप सिंह लगातार राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में राज्य का प्रतिनिधित्व करता रहा है। 

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button