फर्जी तरीके से राशन कार्डों का करता था नवीनीकरण, जांच में खुलासे के बाद भेजा गया जेल
राशन नवीनीकरण में गुप्ता कम्प्यूटर्स में काम करने वाला इंजीनियर आइडी पासवर्ड से फर्जी तरीके से राशन कार्डों का नवीनीकरण करता रहा था इतना ही नहीं आइडी ब्लॉक होने पर उसने खाद्य विभाग का आइडी पासवर्ड भी चोरी कर लिया। पुलिस ने कथित आरोपी को पकड़ लिया है। जिसके पास से मोबाइल, लैपटॉप के साथ ही सील व दस्तावेज वगैरह जब्त किए गए हैं।
मामले का खुलासा करते हुए सिविल लाइन सीएसपी आर.एन. यादव व टीआई कलीम खान ने बताया कि फूड कंट्रोलर हिचकिएल मसीह ने खाद्य निरीक्षक अजय कुमार मौर्य की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के आदेश पर राशनकार्डों का नवीनीकरण किया जा रहा था। शासन के निर्देश पर यह काम ऑनलाइन होना था। इसके लिए सभी वार्ड में जगह-जगह शिविर लगाए गए थे।
इसमें प्राप्त हुए आवेदनों की डाटा एंट्री का काम व्यापार विहार स्थित रेसिलायंस सॉफ्ट कंपनी को दिया गया है। इस काम के लिए कंपनी को अलग से आइडी पासवर्ड भी दिया गया। लेकिन, खाद्य अधिकारी के माड्यूल के आइडी व पासवर्ड का दुरुपयोग कर किसी ने अवैध तरीके से एक हजार 613 राशनकार्ड का नवीनीकरण कर दिया। खाद्य विभाग की आंतरिक जांच में इस गड़बड़ी का खुलासा हुआ था।
गौरतलब है कि तालापारा निवासी सद्दाम हुसैन पूर्व में गुप्ता कम्प्यूटर्स में काम करता था। पेशे से वह इंजीनियर है और कम्प्यूटर का जानकार भी है। तकनीकी जांच में उसकी भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस ने उसे पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए गड़बड़ी करने की जानकारी दी।
पुलिस ने उससे मोबाइल, लैपटॉप, राशन कार्ड, आधार कार्ड वगैरह के साथ ही अन्य दस्तावेज सब जब्त किए हैं। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले में विभागीय अधिकारीयों ने कहा कि उक्त घटना के बाद हम हर दिन सजगता बरत रहें है, ताकि कहीं कोई गड़बड़ी पुनः ना हो सके, साथ ही प्रतिदिन बनाएं जा रहें राशनकार्ड की मोनिटरिंग भी आफिस में ही की जा रही है।




