गरियाबंद – वृद्धजन माता-पिता के समान, वे अपने आप को बेसहारा न समझे- बोले कलेक्टर डेहरे
प्रतीक मिश्रा गरियाबंद – गरियाबंद विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम भिलाई स्थित सियान सेवा सदन वृद्धाश्रम का कलेक्टर श्री छतर सिंह डेहरे, जिला पंचायत सीईओ विनय लंगेह ने आज आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर डेहरे ने वृद्धजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वृद्धजन माता-पिता के समान है, वे अपने आप को बेसहारा न समझे।
उन्होंने संचालक को उनके सभी सुविधाओं एवं स्वास्थ्य का विशेष रूप से ध्यान रखने के निर्देश दिये है। श्री डेहरे ने कहा कि वृद्धजनों की समस्या और परिस्थितियों को समझने के लिए वे स्वयं उनके परिजनों से चर्चा करेंगे। अवगत है कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने स्वयं वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से वृद्धजनों का हाल जाना था।
कलेक्टर ने वृद्धजनों का सम्मान करते हुए पुष्पगुच्छ और गमछा भेंट किये। जिला पंचायत सीईओ श्री लंगेह ने कहा कि वे व्यक्तिगत स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर वे सीधे संपर्क कर सकते है। अधिकारियों द्वारा वृद्धजनों से बातचीत करते हुए उनका स्वास्थ्य और अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई।
इस दौरान अधिकारियों द्वारा उनके शयन कक्ष, हाॅल और आश्रम के बरामदा का मुआयना किया गया। कलेक्टर ने परिसर में एक गार्डन विकसित करने के निर्देश भी दिये है। कार्यक्रम के दौरान कोरोना से बचने के उपाय को लेकर संस्था द्वारा निर्मित पोस्टर का विमोचन भी किया गया। साथ ही परिसर में मुनगा का पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सदस्य रोहित साहू, चन्द्रशेखर साहू, समाज कल्याण विभाग उप संचालक नरेन्द्र देवागंन, सियान सेवा सदन एवं प्रेरक संस्था के संचालक रामगुलाम सिन्हा एवं उनके कर्मचारी मौजूद थे।