छत्तीसगढ़

अयोध्या पर फैसला 10.30 बजे, छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट, सीएम सहित राज्य पुलिस ने की यह अपील

राम मंदिर पर फैसला आने से पहले छत्तीसगढ़ पुलिस अलर्ट हो गई है. सभी पुलिस कर्मियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई है. अपने-अपने फोर्स का रिव्यू करने सभी जिले के एसपी को निर्देश दिए गए हैं. सभी संगठनों पर पैनी नजर रखी जा रही है. जहां भी हालत खराब लगे वहां कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। एलआईबी के द्वारा भी मॉनिटरिंग की जा रही है. मंदिर- मस्जिद की विशेष रूप से मॉनिटरिंग की जा रही है. कल राम-मंदिर को लेकर फैसला आने पर किसी तरह का दंगा न हो इसका विशेष रूप से ध्यान रखने के आदेश दिए गए हैं. साथ ही सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।

डीआईजी डांगी ने ली आपात बैठक

डीआईजी रतन लाल डांगी ने राजनांदगांव के पुलिस कंट्रोल रूम में कल देर रात आपात बैठक बुलाई. डीआईजी ने थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को कल अयोध्या मामले पर आने वाले फैसले को लेकर आवश्यक निर्देश दिए हैं. साथ ही दुर्ग रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक तैयारी के निर्देश दिए हैं. डीआईजी ने पुलिसकर्मियों को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए हैं।

कल मंदिर-मस्जिद में भी विशेष निगरानी रखी जाएगी. साथ ही डीआईजी रतन लाल डांगी ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा है कि आप सभी विभिन्न व्हाट्सअप ग्रुप्स के एडमिन व सदस्य, मीडिया एवं पत्रकार बंधुओं एवं सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफॉर्म पर सक्रिय सभी से विनम्र आग्रह है कि अगले कुछ दिनों तक अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म/ ग्रुप में या किसी अन्य ग्रुप में कोई ऐसी न्यूज, खबर, संदेश, फॉरवर्ड संदेश या सचित्र संदेश को फॉरवर्ड न करे जिसके सत्यता के बारे में आप 100% सुनिश्चित न हो।

उन्होंने निर्देश दिए कि खास कर धार्मिक, राजनीतिक, सामाजिक टाइप के, घृणा या नफरत फैलाने वाले संदेशों का आप सब भी खुल के विरोध करे और अपने आस पास के लोगों को भी ऐसा करने से रोके. जिले/थाना या बाहर की कोई भी खबर को बिना सत्यता जांच और पुलिस की पुष्टि के संभावना के आधार पर ग्रुप में न चलाएं. पुलिस का सहयोग आपसे अपेक्षित है।

रायपुर में इमरजेंसी मीटिंग

अयोध्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले से के मद्देनजर राजधानी में कानून व्यवस्था बनाये रखने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई गई है. आईजी-एसएसपी पुलिस अधिकारियों की बैठक ले रहे हैं. बैठक में एसपी, सीएसपी और सभी थाना प्रभारियों को बुलाया गया है।

बिलासपुर में धारा 144

अयोध्या मामले में कल सुप्रीम कोर्ट के फैसला आने के मद्देनजर कलेक्टर डॉ संजय अलंग ने जिले में धारा 144 लागू किया है. जिलेभर में कल सभा, जुलूस और पटाखों पर प्रतिबंध रहेगा. जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए यह आदेश जारी किया गया है. साथ ही कल 9 नवंबर को जिले की शराब दुकानों को भी बंद रखने का आदेश जारी किया गया है. कलेक्टर डॉ संजय अलंग ने जिलेभर के सभी स्कूल कॉलेज बंद रखने के भी आदेश दिए हैं. सभी सरकारी छुट्टियां कल रद्द रहेगी।

सीएम भूपेश की अपील

मुख्यमंत्री ने अयोध्या मसले पर लोगों से आपसी सद्भाव और शांति बनाए रखने की अपील की है. मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से चर्चा कर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि इस मसले पर अधिकृत स्त्रोतों से मिलने वाली खबरों पर ही विश्वास करें और अफ़वाहों के साथ सोशल मीडिया फेक न्यूज और अफवाहों से दूर रहें. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बलरामपुर से ही फोन पर मुख्य सचिव और डीजीपी से चर्चा कर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. साथ ही मुख्यमंत्री ने पुलिस को 24 घंटे चौकन्ना रहने, इंटेलिजेंस को पुख्ता करने के निर्देश भी दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button