बॉयफ्रेंड के साथ बनाया वीडियो फिर करने लगा ब्लैकमेल, इतने लाख लूट डाले 10वीं की छात्रा से
बॉयफ्रेंड के साथ कॉफी पीते 10 वीं की पीड़ित छात्रा का वीडियों बनाकर कर वायरल कर लेने की धमकी देकर छात्रा से ब्लेकमेलिंग करने का मामला सामने आया है। छात्रा से शुभम राजपूत ने धमकी देकर सात लाख हड़प लिए है।
इस मामले में पुलगांव पुलिस ने पीड़ित छात्रा की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ रास्ता रोकने, जान से मारने की धमकी देकर उगाही करने और अश्लील हरकत करने के तहत मामला दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक डेढ़ साल पहले छात्रा अपने दोस्त के साथ राजेन्द्र प्रसाद गार्डन गई थी। कुछ देर घुमने के बाद दोनो कॉफी पीने चले गए। इसी बीच छिपकर शुभम ने दोनों का मोबाइल से वीडियो तैयार कर लिया और उसे वायरल करने की धमकी देने लगा। छात्रा ने पुलिस को बताया कि शुभम ने उससे पहली बार 10 हजार की डिमांड की। वीडियो वायरल होने और परिवार की बदनामी के भय से उसने रुपए दे दिया, उसके बाद तो आरोपी आए दिन रुपए की डिमांड करता रहा। रुपए नहीं देने पर वह जान से मारने और शहर में बदनाम करने की धमकी देने लगा।
कुछ माह पहले छात्रा के घर वालों ने पैतृक संपत्ति को बेची थी। कुछ रुपए को घर में रखने के बाद शेष को बैंक में डाल दिया था। छात्रा ने बताया कि जब तक घर में रुपए थे वह उसी रुपए को चुपके से निकालकर शुभम को देती थी और फिर घर पर रखे एटीएम कार्ड से रुपए निकाल कर देती रही।
इधर घर से लगातार रुपए गायब होने पर छात्रा के परिजन परेशान थे। उन्हें कुछ समझ भी नहीं आ रहा था। कुछ दिनों पहले छात्रा के पिता ने जब पासबुक की एंट्री कराई तो लाखों रुपए गायब मिले तब वह परिवार के सदस्यों से इस बाबत चर्चा की। इसके बाद भी छात्रा ने घटना के बारे में कुछ भी नही बताया था।
लगातार रुपए की मांग बढऩे से छात्रा परेशान हो गई थी। उसने आरोपी को रुपए नहीं देने का निश्चय किया और शुभम का विरोध करने लगी। इसी बीच शुभम ने रुपए नहीं देने पर छात्रा के भाई को जान से खत्म कराने की धमकी दी।
भाई को जान से मारने की धमकी मिलने पर वह डर गई और तब जाकर छात्रा ने घटना की जानकारी परिजनों को दी और मामला थाना पहुंचा। पीडि़त छात्रा ने बताया कि रुपए देते समय शुभम उसके साथ अश्लील हरकत भी करता था। विरोध करने पर शुभम अपना मोबाइल दिखाते हुए वीडियो वायरल करने की धमकी देता था।



