बलरामपुर – किसान धान खरीदी सही नहीं होने से बेहद परेशान, प्रशासनिक अधिकारियों पर लगाया गंभीर आरोप

बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र में किसान धान खरीदी सही नहीं होने से बेहद परेशान हैं और उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्राम पंचायत ककना के रहने वाले एक किसान को बिना धान बेचे ही प्रशासनिक अधिकारियों ने उसके खाते को समर्पण करा दिया है और वह अब धान बेचने के लिए दर-दर भटक रहा है।
किसान का नाम कृष्णा है और वह ग्राम पंचायत का कान्हा का रहने वाला है इसके नाम पर 800 बोरी धान बेचने का पंजीयन किया गया था लेकिन किसान ने अभी तक एक बोरी भी धान नहीं बेचा है और उसके घर पहुंचे राजस्व के अधिकारियों ने धान बेचने के लिए उसका सिग्नेचर कराकर पूरे खाते का समर्पण करा दिया है। किसान के घर में धान की बोरियां पड़ी हुई हैं और अब वह उसे बेचने के लिए दर-दर भटक रहा है।
किसान के बेटे ने कहा कि जब अधिकारी उसके घर पहुंचे थे तो उसका पिताजी घर में अकेले थे और उसी दौरान उनका दस्तखत करा कर पूरे खाते का समर्पण करा दिया गया है। जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के जनपद सदस्य मुकेश गुप्ता भी किसान से मिलने के लिए पहुंचे और उन्होंने कहा कि यह किसान का अपना धान है लेकिन अधिकारियों की मनमानी और लापरवाही के कारण किसान परेशान हैं। धान के मामले में अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।