छत्तीसगढ़ के कुछ मजदूरों द्वारा जम्मू में फंसे होने को लेकर अपना वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट किया था जिसकी खबर हमने सीजी टॉप थर्टी सिक्स पर प्रमुखता से प्रसारित की थी एवं मजदूरों के फंसे होने की जानकारी छत्तीसगढ़ शासन तक उपलब्ध कराई थी।
मामले में संज्ञान लेते हुए नोडल ऑफिसर सोनमनी वोरा ने फंसे मजदूरों की जम्मू में पतासाजी करवाई। बड़ी मशक्कत के बाद जब उनका पता चला तब उन्हें आवश्यक सामग्री एवं खाना उपलब्ध कराया गया। इस आशय की जानकारी नोडल ऑफिसर सोनमनी वोरा ने ट्वीट कर बताया।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार मजदूरों के हित में लगातार काम कर रही है एवं दिगर राज्यों में लॉक डाउन के चलते फंसे मजदूरों की खोजबीन कर उन्हें जरूरी सामान के साथ खाना एवं रहने की समुचित व्यवस्था वहां मौजूद स्थानीय स्तर पर चर्चा कर करवाई जा रही है।
बता दें कि लॉकडाउन से प्रभावित छत्तीसगढ़ प्रदेश तथा देश के अन्य राज्यों में फंसे मजदूरों के लिए मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देशन में राज्य सरकार ने 18 अप्रैल तक संकटग्रस्त एक लाख 85 हजार से अधिक श्रमिकों के समस्यायों का त्वरित समाधान किया गया।
छत्तीसगढ़ से बाहर अन्य राज्यो में फंसे 81 हजार 711 श्रमिको को राहत पहुंचायी गयी। अन्य राज्यों में फंसे श्रमिकों में से सात हजार 384 श्रमिकों के खाते में तत्कालिक व्यवस्था के लिए लगभग 24 लाख 31 हजार रूपए भी जमा करवाया गया है। छत्तीसगढ़ के श्रमिक 21 अन्य राज्यों एवं चार केन्द्र शासित प्रदेशों में संकट की स्थिति में होने के संबंध में जानकारी मिली है