
राजनांदगांव के पर्वतारोही युवाओं ने उत्तराखंड के केदार कांठा पर्वत पर अपने पिछले 95 फीट का राष्ट्रीय ध्वज फहराने के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 280 फीट का राष्ट्रीय ध्वज पहरा कर एक नया कीर्तिमान रचा है।

राजनांदगांव के सोमनी निवासी पर्वतारोही रोहित कुमार झा और ट्रेकर विवेक गणेश राहमतक ,भुवाल सिंह वर्मा, अभय मिश्रा, ने -16 डिग्री सेल्सियस में उत्तराखंड राज्य के केदार काठां पर्वत पर 280 फीट लम्बा भारत का राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर नया इतिहास रचा है। इसी के साथ इन्होंने अपने पिछले 95 फीट राष्ट्रीय ध्वज फहराने के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नया कीर्तिमान हासिल किया है। 12500 फीट ऊंची चोटी केदार काठां में इंडियन एडवेंचर फाउंडेशन के साथ 280 फीट का तिरंगा लहराया गया। पर्वतारोही रोहित झा ने कहा कि हमने अपने हौसले की बदौलत माइनस 16 डिग्री पर भी फतह हासिल की और अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया है।

30 दिसंबर से 4 जनवरी तक इंडियन एडवेंचर फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित
6 दिवसीय नेशनल विंटर ट्रैक कैंप का आयोजन किया गया था। जिसमें 8 राज्य राजस्थान , मध्य प्रदेश , उत्तर प्रदेश हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र ,ओडिशा , छत्तीसगढ़ के 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। वहीं छत्तीसगढ़ से नौ प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिसमें राजनांदगांव जिले से रोहित झा ,विवेक गणेश राहमतक ,भुवाल सिंह वर्मा, अभय मिश्रा, शामिल हुए थे। राष्ट्रीय स्तर पर कराए गए इस आयोजन में पर्वत की चोटी पर पहुंचने के बाद भारत माता की जय, वन्दे मातरम् ,छत्तीसगढ़ महतारी की जय, छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया के जयकारे लगाए गए।